Shamli News: ऑपरेशन सवेरा में 62 लाख की स्मैक बरामद, अंतर्राज्यीय तस्कर गुरप्रीत गिरफ्तार

ऑपरेशन सवेरा के तहत शामली पुलिस ने 280 ग्राम स्मैक (अनुमानित कीमत 62 लाख रुपये) और चोरी की स्कूटी के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी पर यूपी और हरियाणा में 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

शामली ,  दैनिक शहरी चौपाल सहारनपुर परिक्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत शामली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली शामली पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 280 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 62 लाख रुपये बताई गई है, तथा एक चोरी की स्कूटी बरामद की है।

यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी नगर जितेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस के अनुसार 20 जुलाई की रात थाना कोतवाली शामली पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुरप्रीत पुत्र करनैल सिंह, निवासी करनाल (हरियाणा) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ और बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली शामली में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद स्कूटी पहले से दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है। इसके अलावा आरोपी के मादक पदार्थों के नेटवर्क की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि तस्करी के पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2012 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ लगातार आपराधिक मामले दर्ज होते रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि आरोपी लंबे समय से अपराध और नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

शामली पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन सवेरा” के तहत नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक अपराधी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर समाज को सुरक्षित बनाना भी है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र गौतम, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल सुमित कुमार और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए अभियान को आगे भी इसी प्रकार प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

शामली पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे के कारोबार या मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। लोगों की गोपनीयता सुरक्षित रखते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही जनपद को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य