Saharanpur News: राहुल गांधी के विरोध कार्यक्रम के बाद सहारनपुर में कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट, जिला अध्यक्ष हिरासत में

राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के विरोध कार्यक्रम के बाद सहारनपुर में पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किया। जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा को दिल्ली जाते समय बिहारीगढ़ टोल प्लाजा पर हिरासत में लिया गया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर , दैनिक शहरी चौपाल । राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध-प्रदर्शन किए जाने के बाद सहारनपुर में पुलिस ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की। कांग्रेस के अनुसार, जिले भर में कई पदाधिकारियों को उनके आवासों पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) किया गया, जबकि जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा को दिल्ली जाते समय बिहारीगढ़ टोल प्लाजा पर हिरासत में ले लिया गया।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस ने जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा, जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी नितिन शर्मा, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, हरिओम मिश्रा, सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू सहित कई कांग्रेस नेताओं को उनके घरों पर ही रोक दिया। पार्टी का आरोप है कि उन्हें किसी भी प्रकार के विरोध कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा दिल्ली जाने के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बिहारीगढ़ टोल प्लाजा पर रोककर हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा ने पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार लोकतंत्र का मूल आधार है और इस प्रकार की कार्रवाई उचित नहीं है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने पहले से ही नेताओं की गतिविधियों पर रोक लगा दी। पार्टी ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भूमिका का सम्मान किया जाना चाहिए।

फिलहाल इस मामले में पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस पक्ष उपलब्ध होने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य