सहारनपुर , दैनिक शहरी चौपाल। सहारनपुर परिक्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत गंगोह पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के निर्देशन में सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर जनपदों में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोकथाम के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश कुमार के नेतृत्व में गंगोह पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार बुधवार को चेकिंग एवं गश्त के दौरान थाना गंगोह पुलिस ने ग्राम बुढ्ढाखेड़ा जाने वाले मार्ग पर आम के बाग के सामने से अदनान पुत्र फुरकान, निवासी मोहल्ला सैय्यदान, कस्बा एवं थाना गंगोह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना गंगोह में मु0अ0सं0 352/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह स्मैक कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। इसके लिए उसके फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान के तहत लगातार छापेमारी, चेकिंग और निगरानी की जा रही है। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या नशे से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयास से ही जनपद को नशामुक्त बनाया जा सकता है।








