शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, दैनिक शहरी चौपाल। सदर बाजार कोतवाली पुलिस ने झपटमारी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से महिला से छीना गया सोने का कुंडल, अवैध तमंचा, कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक चाकू तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी महिलाओं को निशाना बनाकर झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देते थे और लोगों को डराने के लिए अवैध हथियार साथ रखते थे।
पुलिस के मुताबिक 20 जुलाई 2026 को न्यू आवास विकास निवासी श्रीमती रजनी गुप्ता ने सदर बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने उनके बाएं कान का कुंडल झपटकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक चंद्रसैन सैनी, उपनिरीक्षक रचित यादव एवं उपनिरीक्षक अमरीश कुमार पुलिस टीम के साथ दिल्ली रोड स्थित छिदबना कट पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे स्कूटी मोड़कर तेज गति से भागने लगे।
पुलिस के अनुसार भागते समय आरोपियों ने पीछा कर रही टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। पुलिस ने संयम और सतर्कता के साथ उनका पीछा जारी रखा। न्यू आवास विकास तिराहे के पास स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित सैनी उर्फ छोटू निवासी शारदा नगर थाना कुतुबशेर तथा आयुष शर्मा निवासी दरबारी चाय वाली गली, शारदा नगर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक चाकू, दो मोबाइल फोन, छीना गया कान का कुंडल तथा वारदात में प्रयुक्त हीरो प्लेजर स्कूटी बरामद की।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 20 जुलाई को योजना बनाकर अकेली जा रही महिला को निशाना बनाया था और उसके कान से कुंडल झपटकर फरार हो गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वे इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते थे तथा लोगों को डराने के लिए अपने साथ तमंचा और चाकू रखते थे। पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों तथा उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमे में बढ़ोतरी करते हुए आयुध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
सहारनपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। महिलाओं की सुरक्षा और झपटमारी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शहर में लगातार चेकिंग और गश्त अभियान जारी रहेगा।








