Saharanpur News: कारगिल विजय दिवस पर व्यापार मंडल ने शहीदों को किया नमन, बोले शीतल टंडन— ऑपरेशन विजय भारत के गौरव का प्रतीक

कारगिल विजय दिवस पर सहारनपुर में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने शहीद स्मारक पर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। शीतल टंडन ने ऑपरेशन विजय को भारत के सैन्य इतिहास की स्वर्णिम गाथा बताया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई के तत्वावधान में जिला सैनिक एवं पुनर्वास कार्यालय स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, पूर्व सैनिकों और गणमान्य नागरिकों ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि ऑपरेशन विजय भारतीय सैन्य इतिहास की सबसे गौरवशाली गाथाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में कारगिल, द्रास और बटालिक की दुर्गम पहाड़ियों पर भारतीय सेना ने अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त किया और तिरंगे की शान को अक्षुण्ण रखा।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह एक ऐसा अवसर था जब पाकिस्तान को बिना किसी शर्त और बिना किसी समझौते के नियंत्रण रेखा (एलओसी) से पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व और भारत की प्रभावी कूटनीति का भी उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए देश ने पूरी दुनिया के सामने अपनी मजबूत स्थिति का परिचय दिया।

शीतल टंडन ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने लगभग 18 हजार फीट की ऊंचाई पर अभियान चलाकर अपनी अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन किया, जबकि थल सेना और नौसेना ने भी समन्वित कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन विजय को ऐतिहासिक सफलता दिलाई। तीनों सेनाओं के साहस, रणनीति और समर्पण ने भारत को गौरवपूर्ण विजय दिलाई, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।

उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर शहीदों का त्याग और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। देशवासियों का दायित्व है कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें। यही उन वीर जवानों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा कारगिल के अमर शहीदों के अदम्य साहस को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर रमेश अरोड़ा, मुरली खन्ना, कर्नल संजय मिड्ढा, डॉ. जी.बी. लाल, अशोक मलिक, गोपाल सिंह सैनी, संजीव सचदेवा, दीपक कुमार, दक्ष सचदेवा सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी, पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य