शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट (सहारनपुर)। मान्यता प्राप्त विद्यालय महासंघ, जनपद सहारनपुर की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को ब्लॉक साढ़ौली कदीम के ग्राम उसंड स्थित राइज इंग्लिश एकेडमी में उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों विद्यालय संचालकों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने भाग लेकर नई कार्यकारिणी का स्वागत किया तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद राइज इंग्लिश एकेडमी और इंडियन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। विद्यालय संचालक विशेष सैनी ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया, जबकि महासंघ की ओर से अतिथियों एवं शिक्षकों को सम्मान स्वरूप पटका पहनाया गया।
समारोह का संचालन वरिष्ठ जिला महासचिव विकास जैन और ब्लॉक महासचिव राकेश शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन सिंह राठौर ने नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष विकास पंवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद जिला अध्यक्ष विकास पंवार ने साढ़ौली कदीम ब्लॉक अध्यक्ष फैसल मिर्जा सहित जिला कार्यकारिणी, महिला प्रकोष्ठ, तहसील, नगर एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई। इस अवसर पर जिला सलाहकार समिति और जिला समन्वय समिति के सदस्यों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष पवन सिंह राठौर ने कहा कि मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि महासंघ विद्यालयों के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा शिक्षकों के सम्मान के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने नई कार्यकारिणी से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष विकास पंवार ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन प्रशासन और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान, शिक्षकों के सम्मान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार के लिए प्रभावी प्रयास करेगा।
कार्यक्रम को मंडल अध्यक्ष कृष्ण मोहन मिश्रा, विशिष्ट बीटीसी संगठन के जिलाध्यक्ष राजकुमार चौधरी, एआरपी संगठन के जिलाध्यक्ष प्रवीण पंवार, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष कुलबीर चौहान तथा पूर्व जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित अनेक वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी ने शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने और संगठनात्मक एकता बनाए रखने पर बल दिया।
इस अवसर पर दुर्गा प्रसाद शर्मा, कय्यूम अली, अरुण शर्मा, योगेश चौधरी, वीरेंद्र शर्मा सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं विद्यालय संचालक उपस्थित रहे।









