शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि ने निगम अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई, पेयजल, अस्थायी एवं स्थायी शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का महापर्व है। इसकी पवित्रता और गरिमा बनाए रखना प्रशासन, नगर निगम और समाज सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी शिविर संचालकों से अपील की कि इस वर्ष कांवड़ सेवा शिविरों को पूरी तरह पॉलीथिन मुक्त बनाया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा सके।
निरीक्षण की शुरुआत अंबाला रोड स्थित बड़ी नहर के पास लगने वाले कांवड़ शिविर से हुई। शिविर संचालकों की मांग पर महापौर ने बोरिंग चालू कराने और जल लीकेज तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। नगरायुक्त शिपू गिरि ने उद्यान विभाग को अंबाला रोड के दोनों ओर उगी घास कटवाने तथा निर्माण विभाग को भैरों मंदिर के निकट रेलवे लाइन पर बने अवैध रास्ते को टीन शेड लगाकर पूरी तरह बंद कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्लार्क होटल तिराहे के पास बिना बैरिकेडिंग वाले ट्रांसफॉर्मर को लेकर भी गंभीरता दिखाई गई। महापौर ने विद्युत विभाग को कांवड़ मार्ग के सभी ट्रांसफॉर्मरों की सुरक्षित बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं हाईटेंशन लाइन के नीचे प्रस्तावित कांवड़ शिविरों के संबंध में नगरायुक्त ने विद्युत विभाग से अनुमति लेकर आवश्यकतानुसार शिविरों का स्थान बदलने के निर्देश दिए।

नगरायुक्त ने जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक कर सभी व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा करने को कहा। उन्होंने मोबाइल शौचालयों की नियमित सफाई, पर्याप्त जलापूर्ति और कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उपसभापति मयंक गर्ग, कांवड़ सेवा संघ के पदाधिकारी संजय फुटेला, रविकांत धीमान, संजय कर्णवाल, संजय भटेजा, राजीव चानना सहित कई शिविर संचालकों ने भी व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव दिए। शिविर संचालक भोलाराम ने महापौर और नगरायुक्त को महाकाल का चित्र भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव एवं मृत्युंजय, सहायक नगरायुक्त जे.पी. यादव एवं बिकास धर दुबे, मुख्य अभियंता सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, डॉ. संदीप मिश्रा, वी.बी. सिंह, एच.बी. गुरुंग, गजेंद्र सिंह, इंद्रपाल सिंह, परमानंद सहित नगर निगम के अनेक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।









