Saharanpur News: गुरु पूर्णिमा पर दीपोत्सव से शुरू होगा भाजपा का समरसता संकल्प अभियान, गुरु रविदास जयंती पर होंगे विशेष कार्यक्रम

सहारनपुर में भाजपा महानगर ने संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प अभियान की कार्यशाला आयोजित की। 29 जुलाई गुरु पूर्णिमा से दीपोत्सव, समरसता यात्रा, संत सम्मेलन और कलश वंदन सहित कई कार्यक्रमों की शुरुआत होगी।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर (दैनिक शहरी चौपाल)। भारतीय जनता पार्टी महानगर सहारनपुर ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समरसता संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर दिल्ली रोड स्थित पार्श्वनाथ सिटी कार्यालय में कार्यशाला आयोजित की। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ किया गया।

कार्यशाला में महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के पहले चरण में महानगर के विभिन्न मंदिरों में दीपोत्सव आयोजित कर सामाजिक समरसता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद संत सम्मेलन, कलश वंदन, समाज संपर्क, समरसता यात्रा और श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन के माध्यम से समाज को समानता, सेवा, समरसता और मानव कल्याण का संदेश दिया। उनकी 650वीं जयंती केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उनके विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लेने का भी अवसर है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से प्राप्त पावन माटी देशभर के मंदिरों तक पहुंचाई जा रही है। इसी क्रम में भाजपा महानगर के महामंत्री ललित कटारिया, उपाध्यक्ष संदीप रावत और मंत्री आरती शर्मा 29 जुलाई को वाराणसी जाकर पावन कलश लेकर आएंगे, जिन्हें यात्रा के माध्यम से विभिन्न मंदिरों में स्थापित किया जाएगा।

नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता की मिसाल है। उन्होंने कहा कि उनका प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी समाज को आडंबर छोड़कर सच्ची भक्ति और मानव सेवा का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि गुरु रविदास महाराज के विचार आज भी समाज को एकता, समानता और भाईचारे का संदेश देते हैं। उनकी 650वीं जयंती पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान समाज को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। पूर्व महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा एवं भाजपा नेता अमित गगनेजा ने भी अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अभियान संयोजक ललित कटारिया, सह-संयोजक संदीप रावत, कंचन धवन, आरती शर्मा एवं नितिन परमार सहित महानगर महामंत्री सरदार सुपनीत सिंह, भाजपा नेता योगेश कुमार, जय राम गौतम, अजब सिंह, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य