शहरी चौपाल ब्यूरो
चौसाना (शामली)। सुंदरनगर चौसाना वार्ड-6 से जिला पंचायत के भावी उम्मीदवार सरदार नवाब सिंह ने लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री बलदेव सिंह औलख से शिष्टाचार भेंट कर शामली जनपद, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की विकास योजनाओं एवं जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सड़क, सिंचाई, कृषि और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से मंत्री के समक्ष रखा।

सरदार नवाब सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक विकास कार्य लंबे समय से लंबित हैं, जिनके शीघ्र क्रियान्वयन की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि बेहतर सड़कें, सिंचाई व्यवस्था और किसानों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने आग्रह किया कि इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को राहत मिल सके।
बैठक के दौरान कृषि मंत्री बलदेव सिंह औलख ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जानकारी के अनुसार मंत्री ने कुछ मामलों में विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए तथा समस्याओं के समयबद्ध समाधान का भरोसा दिलाया।
सरदार नवाब सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र की जनता की आवाज को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार के सहयोग से शामली के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई दिशा मिलेगी तथा आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर सरदार कृपाल सिंह, गुरमुख सिंह (प्रधान), गुलाब सिंह और दारा सिंह भी मौजूद रहे। सभी ने कृषि मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा जनसमस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल ग्रामीणों के हित में महत्वपूर्ण साबित होगी।

बैठक के अंत में कृषि मंत्री बलदेव सिंह औलख ने आश्वस्त किया कि शामली जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और पात्र मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।









