Kanwar Yatra 2026 Saharanpur Traffic Diversion: 29 जुलाई से लागू होगा नया रूट प्लान, जानिए कौन-सी गाड़ी किस रास्ते जाएगी

कांवड़ यात्रा 2026 के लिए सहारनपुर में 29 जुलाई से ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा। जानिए कौन-सी गाड़ी किस मार्ग से जाएगी, किन रास्तों पर प्रतिबंध रहेगा, बसों और आवश्यक सेवाओं की नई व्यवस्था।

मनोज मिड्ढा 

सहारनपुर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने विस्तृत यातायात एवं डायवर्जन योजना जारी कर दी है। यह व्यवस्था दो चरणों में लागू होगी। पहला चरण 29/30 जुलाई की मध्यरात्रि से 4/5 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक, जबकि दूसरा चरण 4/5 अगस्त की मध्यरात्रि से 11 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारी और मध्यम वाहनों के आवागमन पर व्यापक प्रतिबंध लगाए हैं तथा विभिन्न मार्गों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं।

प्रशासन ने जनपद में तीन मुख्य कांवड़ मार्ग घोषित किए हैं। पहला मार्ग काली नदी पुल–गागलहेड़ी–देहरादून चौक–घंटाघर–नकुड़ तिराहा–सरसावा–शाहजहांपुर चेकपोस्ट होते हुए यमुनानगर तक रहेगा। दूसरा मार्ग बड़कलां–छुटमलपुर–मुजफ्फराबाद–कलसिया–बेहट–गंदेवड़–नौसेरा–हथनीकुंड–यमुनानगर तक रहेगा। तीसरा मार्ग देवबंद–बड़गांव–नानौता–तीतरों–गंगोह होते हुए करनाल और शामली तक निर्धारित किया गया है।

पहले चरण में यह रहेगी व्यवस्था

29/30 जुलाई से 4/5 अगस्त तक समस्त भारी और मध्यम वाहन केवल रात्रि 12 बजे से सुबह 3 बजे तक चुनहेटी कट से शहर में प्रवेश कर हसनपुर चौक, दीवानी तिराहा, विश्वकर्मा चौक, अंबेडकर चौक और लिंक रोड होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। ट्रांसपोर्ट नगर जाने वाले वाहन भारत माता चौक और माहीपुरा मार्ग से संचालित होंगे।

इस अवधि में मुख्य कांवड़ मार्ग पर एक ओर कांवड़ियों का आवागमन रहेगा, जबकि दूसरी ओर हल्के वाहन नियंत्रित तरीके से चल सकेंगे।

दूसरे चरण में शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री

4/5 अगस्त से 11 अगस्त तक शहर में सभी भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल फल, सब्जी एवं आवश्यक खाद्य सामग्री लेकर आने वाले वाहन बाईपास, सरसावा बाईपास, बैंगनी फाटक और चिलकाना मार्ग से मंडी समिति तक जा सकेंगे। यदि ऐसे वाहन शहर में प्रवेश करेंगे तो उन्हें केवल रात्रि 12 बजे से सुबह 3 बजे तक चुनहेटी कट से निर्धारित मार्ग पर आने-जाने की अनुमति होगी।

हल्के वाहन भी कांवड़ मार्ग से नहीं चल सकेंगे। उन्हें केवल अंबेडकर चौक से कांवड़ मार्ग पार करने की अनुमति होगी। घंटाघर और दर्पण तिराहे पर कांवड़ियों की भीड़ के अनुसार पुलिस मौके पर निर्णय लेगी।

आवश्यक सेवाओं को छूट

प्रशासन ने दूध, गैस सिलेंडर, पेट्रोलियम टैंकर, ऑक्सीजन सिलेंडर, एंबुलेंस, नगर निगम, बिजली विभाग, दूरसंचार विभाग तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छूट दी है। हालांकि इन्हें भी कांवड़ मार्ग पार करने के लिए केवल अंबेडकर चौक का उपयोग करना होगा।

मंडी जाने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग

फल, सब्जी और खाद्य सामग्री लेकर आने वाले वाहन बाईपास, सरसावा बाईपास, बैंगनी फाटक और चिलकाना मार्ग से सीधे मंडी समिति तक पहुंच सकेंगे। इस मार्ग पर किसी प्रकार का प्रतिबंध लागू नहीं रहेगा।

केवल तीन स्थानों से होगा कांवड़ मार्ग पार

शहर में वाहन केवल तीन स्थानों से कांवड़ मार्ग पार कर सकेंगे—

अंबेडकर चौक

घंटाघर चौक

दर्पण तिराहा

इन स्थानों पर पुलिस कांवड़ियों की संख्या के अनुसार यातायात नियंत्रित करेगी।

ऑटो और ई-रिक्शा की व्यवस्था

पहले चरण में ऑटो और ई-रिक्शा कांवड़ मार्ग छोड़कर पूरे शहर में संचालित होंगे तथा अंबेडकर चौक, घंटाघर और दर्पण तिराहा से मार्ग पार करेंगे।

दूसरे चरण में कांशीराम बस स्टैंड और मानकमऊ की ओर जाने वाले ऑटो अग्रसेन चौक, कोर्ट रोड और हसनपुर चौक से चलेंगे। अस्पताल चौक और विश्वकर्मा चौक की ओर जाने वाले ऑटो श्रीराम चौक एवं लिंक रोड से संचालित होंगे।

रोडवेज बसों के संचालन में बदलाव

29/30 जुलाई से 4/5 अगस्त तक हरिद्वार, देहरादून, मेरठ और दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसें कांशीराम कॉलोनी स्थित अस्थायी बस स्टैंड से संचालित होंगी।

4/5 अगस्त से 11 अगस्त तक हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, गंगोह और नकुड़ जाने वाली बसें मानकमऊ बस स्टैंड से चलेंगी।

अन्य जिलों के लिए रूट प्लान

दिल्ली, मेरठ और गाजियाबाद जाने वाले वाहन चुनहेटी, लाखनौर और कुम्हारहेड़ा बाईपास से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उपयोग करेंगे।

मुजफ्फरनगर जाने वाले हल्के वाहन नागल, देवबंद, रोहाना कलां, रामपुर तिराहा, जानसठ और मीरापुर होकर जाएंगे, जबकि भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।

यमुनानगर, करनाल और अंबाला जाने वाले वाहन सरसावा और शाहजहांपुर होकर जाएंगे। सरसावा से शाहजहांपुर तक सड़क का एक हिस्सा कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगा।

हरिद्वार जाने वाले भारी वाहन पहले चरण में केवल रात्रि 12 से सुबह 4 बजे तक गागलहेड़ी, छुटमलपुर, भगवानपुर और रुड़की होकर जा सकेंगे। दूसरे चरण में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। हल्के वाहन इसी मार्ग से संचालित होंगे।

देहरादून जाने वाले वाहन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जाएंगे।

शामली जाने वाले वाहन रामपुर मनिहारान, नानौता और जलालाबाद मार्ग का उपयोग करेंगे।

विकासनगर जाने वाले हल्के एवं आवश्यक आपूर्ति वाहन कलसिया, बेहट, गंदेवड़ और मिर्जापुर मार्ग से संचालित होंगे, जबकि दूसरे चरण में भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मार्ग पर केवल उन्हीं वाहनों को अनुमति मिलेगी जिनके पास पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय से जारी वैध पास होगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से कांवड़ मार्ग का उपयोग न करें तथा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य