शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि पवित्र श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, बिजली, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। यह जानकारी उन्होंने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा चुकी है। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी और सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के माध्यम से पूरे मार्ग की लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विद्युत विभाग को सभी ढीले और खुले बिजली के तारों को सुरक्षित रूप से कवर करने तथा आवश्यक सुधार कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की ऊंचाई, चौड़ाई और लंबाई शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रहेगी। उन्होंने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि डीजे पर ऐसे गीत या संगीत का प्रयोग न करें, जिससे किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाएं आहत हों और सामाजिक सौहार्द बना रहे।
एक प्रश्न के उत्तर में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली मीट और मांस की सभी दुकानें यात्रा अवधि के दौरान बंद रहेंगी, जबकि शराब की दुकानों को पूरी तरह ढकने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि धार्मिक आस्था का सम्मान बना रहे।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ सेवा शिविरों और खाद्य पदार्थ बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर नियमित निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता की जांच करें। इसके अलावा सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों पर नाम, पता तथा रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने जिला सूचना अधिकारी को कांवड़ यात्रा की कवरेज करने वाले पत्रकारों के लिए आवश्यक पास जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि अब तक 100 से अधिक कांवड़ सेवा शिविरों के संचालन की अनुमति प्रदान की जा चुकी है।
डीएम अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को श्रद्धा, सुरक्षा और अनुशासन के साथ संपन्न कराना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यापक तैयारियां की गई हैं तथा अधिकारियों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।








