शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी चेयरमैन एवं मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार ने मंगलवार को सहारनपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से राकेश सिनेमा और सपना सिनेमा के बीच ढमोला नदी पर बने स्मार्ट रोड ब्रिज पर वियरिंग कोट (सुरक्षा परत) का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने स्मार्ट सिटी के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की तकनीकी एवं वित्तीय प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शहर की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी कार्यदायी संस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करें, ताकि नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में स्मार्ट सिटी के उप महाप्रबंधक (वित्त) मोहित मिश्रा तथा उप महाप्रबंधक (परियोजना) दिनेश सिंघल ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, व्यय और लंबित कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया। मंडलायुक्त ने लंबित वित्तीय प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करते हुए फाइनेंशियल क्लोजर की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में वित्तीय अथवा प्रशासनिक अड़चनें हैं, उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
बैठक के दौरान यूपीपीसीएल से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहारनपुर स्मार्ट सिटी के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक होने पर विधिक कार्रवाई भी तत्काल प्रारंभ की जाए, ताकि परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो।

डॉ. रुपेश कुमार ने हाल ही में डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान चिन्हित कमियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी कमियों को तत्काल दूर किया जाए और स्टेडियम की सुविधाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से ढमोला स्मार्ट रोड ब्रिज पर वियरिंग कोट बिछाने के कार्य को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि यह सुरक्षा और संरचनात्मक मजबूती दोनों के लिए आवश्यक है। कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए कि गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना निर्धारित समय में कार्य पूरा किया जाए।
समीक्षा बैठक से पूर्व सहारनपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की वार्षिक आम बैठक भी मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्मार्ट सिटी की विभिन्न योजनाओं, वित्तीय स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
बैठक में जिलाधिकारी अरविंद चौहान, स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर आयुक्त शिपू गिरि, सहारनपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सूरज पटेल, मुख्य अभियंता निर्माण राजेंद्र प्रसाद मिश्र, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार (ऑनलाइन), मुख्य अभियंता विद्युत हेमराज सिंह, निदेशक प्रमोद सडाना सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से मंडलायुक्त को अवगत कराया और समयबद्ध तरीके से सभी विकास कार्य पूरे करने का भरोसा दिलाया।









