शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद (सहारनपुर)। चर्चित शिवा हत्याकांड में सहारनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को देवबंद-मंगलौर मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास किया, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार देवबंद कोतवाली पुलिस देवबंद-मंगलौर मार्ग स्थित बॉर्डर चौकी पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने तत्काल घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य उर्फ आदी निवासी जड़ौदा जट्ट और सूर्यांश निवासी शास्त्री चौक, देवबंद के रूप में हुई है।
प्रभारी निरीक्षक एवं जांच अधिकारी कपिल देव ने बताया कि दोनों आरोपी गांधी कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय शिवा की हत्या के मामले में नामजद और वांछित चल रहे थे। इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी तेजस को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज चुकी है। अब केवल चौथा आरोपी आकाश फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
गौरतलब है कि शिवा की हत्या के बाद देवबंद में भारी आक्रोश फैल गया था। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव रखकर सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे जाम कर दिया था। प्रदर्शन के दौरान तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई थी और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव भी हुआ था। इसके बाद पुलिस ने हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया था।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई थी। आरोप है कि शिवा को बातचीत के बहाने घर से बुलाकर टीचर कॉलोनी के पीछे खेत में ले जाया गया, जहां उसकी हत्या कर शव छिपा दिया गया था। इस मामले में लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
घायल दोनों आरोपियों का उपचार पुलिस निगरानी में कराया जा रहा है। स्वस्थ होने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं फरार आरोपी आकाश की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का दावा है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।








