Saharanpur News: श्रावण मास की शुरुआत के साथ कांवड़ यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, सहारनपुर में हाई अलर्ट, आधी रात से डायवर्जन लागू

सहारनपुर में श्रावण मास शुरू होते ही कांवड़ यात्रा ने गति पकड़ ली है। आधी रात से ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।

मनोज मिड्ढा 

सहारनपुर। देवाधिदेव महादेव को समर्पित पवित्र श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही सहारनपुर में धार्मिक आस्था का माहौल और अधिक गहरा हो गया है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी, वहीं कांवड़ यात्रा ने भी रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। भोले बाबा के जयकारों से वातावरण शिवमय हो उठा है। आने वाले दिनों में लाखों कांवड़ियों के जनपद से गुजरने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

कांवड़ यात्रा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 29 जुलाई की मध्यरात्रि से पहले चरण का ट्रैफिक डायवर्जन प्लान प्रभावी कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार सहारनपुर होकर जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों शिवभक्त अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। जनपद में सरसावा की शाहजहांपुर पुलिस चेक पोस्ट से लेकर गागलहेड़ी क्षेत्र की काली नदी चौकी तक का पूरा कांवड़ मार्ग सुरक्षा के विशेष घेरे में रहेगा।

नगर क्षेत्र से गुजरने वाले कांवड़ मार्ग पर पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल की तैनाती की है। कई स्थानों पर अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं, जबकि सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल पेट्रोलिंग के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही नगर निगम ने सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने का दावा किया है। विद्युत विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर कांवड़ मार्ग पर स्थित बिजली के खंभों को चारों ओर से इंसुलेटिंग शीट से ढक दिया है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

मार्ग पर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा सेवा शिविर भी स्थापित किए जाने लगे हैं। फिलहाल सीमित संख्या में कांवड़िए दिखाई दे रहे हैं, लेकिन प्रशासन का अनुमान है कि श्रावण मास के आगे बढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी आएगी और शुक्रवार से मार्ग पर भारी भीड़ देखने को मिलेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

इस बीच पुलिस लाइन स्थित सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जाए और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाए।

एसएसपी ने यातायात अधिकारियों को डायवर्जन योजना का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ियों और आम नागरिकों दोनों की सुविधा का ध्यान रखा जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए, ताकि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द किसी भी स्थिति में प्रभावित न हो।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक, पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल, पुलिस अधीक्षक यातायात तथा जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और पूरे कांवड़ मेले के दौरान हालात पर लगातार नजर रखी जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य