Saharanpur News: गुरु रविदास जयंती पर सहारनपुर में भाजपा का भव्य दीपोत्सव, मंदिरों में जलाए दीप; समरसता का लिया संकल्प

Saharanpur News: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर सहारनपुर में भाजपा ने विभिन्न रविदास मंदिरों में भव्य दीपोत्सव मनाया। नगर विधायक राजीव गुंबर, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह सहित नेताओं ने समरसता और भाईचारे का संकल्प लिया।

मनोज मिड्ढा 

सहारनपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर समरसता संकल्प अभियान के तहत सहारनपुर महानगर के विभिन्न श्री रविदास मंदिरों में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए। गुरु पूर्णिमा की संध्या पर आयोजित इन कार्यक्रमों में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर संत रविदास जी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।

नगर विधायक राजीव गुंबर ने ओजपुरा, न्यू गोपाल नगर और रामू गेट (पेपर मिल रोड) स्थित श्री रविदास मंदिरों में पहुंचकर संत रविदास जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए तथा दीप प्रज्वलित कर श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, समरसता, मानवता और भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष और मानव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने गंगोह रोड स्थित शुगर मिल क्षेत्र के श्री रविदास मंदिर में आयोजित दीपोत्सव में भाग लिया, जबकि महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने मातागढ़ स्थित श्री रविदास मंदिर में दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं पूर्व महापौर संजीव वालिया ने देहात विधानसभा क्षेत्र के ऊनाली गांव स्थित श्री रविदास मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर श्रद्धालुओं को संत रविदास के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के संयोजक ललित कटारिया, सह-संयोजक संदीप रावत तथा महानगर मंत्री आरती शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने महानगर के विभिन्न रविदास मंदिरों में पहुंचकर दीप प्रज्वलित किए। इस दौरान मंदिरों में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में पूर्व महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा, हेमंत अरोड़ा, के.एल. अरोड़ा, राकेश जैन, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री संजय गर्ग, भाजपा नेता जय राम गौतम, योगेश कुमार, अजब सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दीप जलाकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने जीवनभर जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव के खिलाफ समाज को जागरूक किया। उन्होंने मानव मात्र की समानता, प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उनके विचार समाज में सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और समरसता को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक आस्था के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि समाज को जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य