शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। गंगोह थाना क्षेत्र के गांव लखनौती में 9.30 लाख रुपये और मोबाइल चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सहारनपुर पुलिस लाइन के नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक ने बताया कि गंगोह पुलिस ने मामले का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर 6 लाख 40 हजार रुपये नकद, चोरी गया वनप्लस मोबाइल, चोरी के पैसों से खरीदी गई डिस्कवर मोटरसाइकिल, एक अन्य मोबाइल फोन तथा वादी का आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं।

एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि 30 जून 2026 को गांव लखनौती निवासी अरविंद्र कुमार ने थाना गंगोह में तहरीर देकर बताया था कि 29/30 जून की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर अलमारी में रखे 9.30 लाख रुपये नकद और वनप्लस मोबाइल चोरी कर ले गए। इस पर थाना गंगोह में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला बाहुद्दीन निवासी बिलाल पुत्र उस्मान को गिरफ्तार किया।
प्रेस वार्ता में एसपी देहात ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की पूरी वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी करता है। घटना वाली रात वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से लखनौती पहुंचा और सुनसान मकान देखकर बिजली के खंभे के सहारे दीवार फांदकर घर में दाखिल हो गया। घर में सो रहे लोगों के बीच से उसने पहले मोबाइल उठाया, फिर अलमारी में रखी चाबी से लॉकर खोलकर नकदी से भरा बैग और गुल्लक लेकर फरार हो गया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी की रकम उसने गंगोह के मोहल्ला कानूनगोयान स्थित एक खंडहर में छिपा दी थी और जरूरत पड़ने पर वहीं से थोड़ी-थोड़ी रकम निकालकर खर्च करता रहा। चोरी के पैसों से उसने एक सेकेंड हैंड डिस्कवर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी खरीद लिया, जबकि कुछ रकम नशे और अन्य खर्चों में उड़ा दी।
एसपी देहात ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 6.40 लाख रुपये नकद, चोरी गया वनप्लस मोबाइल, चोरी की रकम से खरीदी गई डिस्कवर बाइक, एक अन्य मोबाइल, वादी का आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी देहात मयंक पाठक ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और अन्य संगीन अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।









