शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में अपराध और गोकशी पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस ने शुक्रवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद एक शातिर गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, छुरा, कटा हुआ गोवंश तथा बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद भर में अपराध नियंत्रण, गोकशी, हत्या, लूट, चोरी, डकैती, नकबजनी और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना फतेहपुर पुलिस इब्राहिमपुर स्थित हिंडन नदी के समीप संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव इब्राहिमपुर के जंगल में कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक फतेहपुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने झाड़ियों के पीछे से आ रही आवाजों के आधार पर घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने संदिग्धों को आत्मसमर्पण के लिए ललकारा, आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो साथी जंगल के रास्ते फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रफी उर्फ राफा पुत्र सलामू निवासी ग्राम चोबारा, थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मौके से पुलिस ने एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक छुरा, कटा हुआ गोवंश तथा बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में सघन कॉम्बिंग अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि जनपद में गोकशी और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि या गोकशी जैसी घटनाओं की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही है।









