शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में गोकशी जैसी संगीन वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सहारनपुर पुलिस लगातार सख्त अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गोकशी के मुकदमे में वांछित एक शातिर आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही दबोच लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदभर में अपराध नियंत्रण, गोकशी, हत्या, लूट, चोरी, डकैती, अवैध हथियारों और नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 जुलाई की रात थाना कोतवाली देहात पुलिस की टीम मुबारकपुर रेलवे अंडरपास के समीप संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर तेज गति से भाग निकला।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो कच्चे रास्ते पर उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई। आरोपी वाहन छोड़कर ईख के खेत में छिप गया और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अलीशान उर्फ चुत्तड़ पुत्र कुर्बान, निवासी ग्राम शेखपुरा कदीम, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार अलीशान गोकशी के मामलों में पहले से वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ थाना कोतवाली देहात में गोकशी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ पुलिस पर हमला करने और अवैध हथियार रखने के आरोप में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में गोकशी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। किसी भी आरोपी को कानून से बचने का अवसर नहीं दिया जाएगा। पुलिस पर हमला करने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सहारनपुर पुलिस की इस कार्रवाई को गोकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से अपराधियों में भय का माहौल बना है और पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जनपद में गोकशी जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।









