शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। ऑनलाइन ट्रैफिक चालानों की बढ़ती शिकायतों को लेकर शनिवार को सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक (यातायात) से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर अधिवक्ताओं की समस्या से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने सिविल कोर्ट से कलक्ट्रेट के बीच अल्प दूरी के बावजूद बार-बार ऑनलाइन चालान किए जाने पर आपत्ति जताते हुए इस संबंध में उचित समाधान की मांग की।
बार एसोसिएशन के महासचिव पालम राणा एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल पुलिस लाइन स्थित पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अधिवक्ताओं को न्यायालय और जिला अधिकारी कार्यालय के बीच विधिक कार्यों के लिए दिनभर कई बार अपने निजी वाहनों से आना-जाना पड़ता है। इस मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से बार-बार ऑनलाइन चालान जारी हो रहे हैं, जिससे अधिवक्ताओं को आर्थिक और व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में कहा गया कि सिविल कोर्ट और कलक्ट्रेट के बीच की दूरी काफी कम है, लेकिन इस मार्ग पर बार-बार ई-चालान होने से कई अधिवक्ताओं के वाहनों पर जुर्माने की राशि वाहन के मूल्य के बराबर तक पहुंचने लगी है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि इस मार्ग पर अधिवक्ताओं के पहले से जारी ऑनलाइन चालानों की समीक्षा कर उन्हें हटाया जाए तथा भविष्य में इस विशेष मार्ग पर अधिवक्ताओं के वाहनों के चालान न किए जाएं, जिससे वे अपने न्यायिक कार्य सुचारु रूप से कर सकें।
अधिवक्ताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य यातायात नियमों की अवहेलना करना नहीं है, बल्कि न्यायिक कार्यों की प्रकृति को देखते हुए व्यवहारिक समाधान निकाला जाना आवश्यक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अधिवक्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ देखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल में राकेश त्यागी एडवोकेट, जमाल साबरी एडवोकेट, अंकित चौधरी एडवोकेट, अरुण चौधरी एडवोकेट, फैसल राव एडवोकेट, गफ्यूर खान एडवोकेट, इशान सिद्दीकी एडवोकेट, संदीप पंवार एडवोकेट, अभिषेक एडवोकेट, अब्दुल रहमान एडवोकेट, सताक्षी एडवोकेट, साहिल, हरिशंकर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन अधिवक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान करेगा और इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, ताकि न्यायिक कार्यों के दौरान अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।









