Saharanpur News: आज रात से लागू होगा कांवड़ यात्रा का दूसरा चरण, 11 अगस्त तक शहर में रहेगा सख्त ट्रैफिक डायवर्जन

सहारनपुर में आज रात 12 बजे से कांवड़ यात्रा 2026 के दूसरे चरण का ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा। 11 अगस्त तक हल्के, मध्यम और भारी वाहनों के लिए नई यातायात व्यवस्था प्रभावी रहेगी। जानें सभी प्रमुख रूट, बसों और वाहनों के वैकल्पिक मार्ग।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के चरम पर पहुंचने के साथ ही सहारनपुर में आज (4 अगस्त) रात 12 बजे से कांवड़ यात्रा के दूसरे चरण का रूट डायवर्जन लागू हो जाएगा। यह व्यवस्था 11 अगस्त की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कांवड़ यात्रा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने शहर और बाहरी क्षेत्रों के लिए व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। दूसरे चरण में भारी और मध्यम वाहनों के साथ अब हल्के वाहनों का संचालन भी मुख्य कांवड़ मार्ग पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
जनपद में कांवड़ यात्रा के लिए तीन प्रमुख मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पहला मार्ग काली नदी पुल, गागलहेड़ी, देहरादून चौक, घंटाघर, नकुड़ तिराहा, सरसावा होते हुए यमुनानगर तक जाता है। दूसरा मार्ग फतेहपुर, छुटमलपुर, मुजफ्फराबाद, बेहट और हथनीकुंड होते हुए यमुनानगर तक तथा तीसरा मार्ग देवबंद, बड़गांव, नानौता, तीतरों, गंगोह होते हुए करनाल और शामली तक निर्धारित किया गया है।
दूसरे चरण में शहर के भीतर सभी प्रकार के भारी एवं मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। फल, सब्जी और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री लेकर आने वाले वाहनों को बाईपास, सरसावा बाईपास, बैंगनी फाटक और चिलकाना मार्ग से मंडी समिति तक पहुंचने की अनुमति होगी। यदि ऐसे वाहन शहर में प्रवेश करेंगे तो उन्हें केवल रात्रि 12 बजे से प्रातः 3 बजे तक ही निर्धारित मार्ग से संचालित किया जाएगा।


पुलिस के अनुसार सभी हल्के वाहन मुख्य कांवड़ मार्ग से हटकर संचालित होंगे। उन्हें केवल अंबेडकर चौक से कांवड़ मार्ग पार करने की अनुमति होगी। वहीं घंटाघर चौक और दर्पण तिराहा पर कांवड़ियों की भीड़ की स्थिति को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिसकर्मी निर्णय लेंगे कि वाहनों को कब क्रॉस कराया जाए।
आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन जैसे एंबुलेंस, दूध, गैस सिलेंडर, ऑक्सीजन, बिजली विभाग, नगर निगम, टेलीफोन विभाग तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को कांवड़ मार्ग छोड़कर शहर में आवागमन की अनुमति रहेगी। यदि इन वाहनों को कांवड़ मार्ग पार करना होगा तो केवल अंबेडकर चौक से ही क्रॉस कराया जाएगा।
ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी अलग व्यवस्था लागू रहेगी। काशीराम बस स्टैंड और मानकमऊ की ओर जाने वाले ऑटो-ई-रिक्शा अग्रसेन चौक, कोर्ट रोड और हसनपुर चौक होकर संचालित होंगे। अस्पताल चौक और विश्वकर्मा चौक की ओर जाने वाले ऑटो-ई-रिक्शा अंबेडकर चौक से होकर लिंक रोड के रास्ते चलेंगे।
रोडवेज बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। दूसरे चरण के दौरान हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, गंगोह और नकुड़ की ओर जाने वाली रोडवेज बसें मानकमऊ अस्थायी बस स्टैंड से संचालित होंगी। वहीं मेरठ, दिल्ली, गाजियाबाद, देहरादून, हरिद्वार, विकासनगर, शामली और करनाल की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्य कांवड़ मार्ग काली नदी से सरसावा बाईपास तक केवल कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगा। इस मार्ग पर बिना अनुमति किसी भी वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय से जारी विशेष पास वाले वाहन ही कांवड़ मार्ग पर चल सकेंगे।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित डायवर्जन की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। नियमों का पालन करने से जहां आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकेगा, वहीं लाखों शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा भी सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकेगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य