Saharanpur News: कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्वच्छता और जनसुविधाओं के व्यापक इंतजाम, 685 सफाईकर्मी तीन शिफ्टों में तैनात

कांवड़ यात्रा-2026 के लिए सहारनपुर में स्वच्छता और जनसुविधाओं के व्यापक इंतजाम। 685 सफाईकर्मी, 10 नोडल अधिकारी, 35 सामुदायिक शौचालय, 89 हैंडपंप और 45 किमी अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था से श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। कांवड़ यात्रा-2026 को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर पंचायतीराज विभाग ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए 10 सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा 40 ग्राम पंचायत सचिवों की ड्यूटी विभिन्न कांवड़ मार्गों और शिविर स्थलों पर लगाई गई है, जो व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और समन्वय कर रहे हैं।

कांवड़ मार्ग और शिविर स्थलों पर चौबीसों घंटे स्वच्छता बनाए रखने के लिए 685 सफाई कर्मियों को तीन शिफ्टों में तैनात किया गया है। वहीं 35 सामुदायिक शौचालयों पर दो-दो सफाई कर्मियों की 12-12 घंटे की शिफ्ट लगाई गई है। सभी शौचालयों की रंगाई-पुताई, मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था भी पूरी कर दी गई है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवड़ मार्ग और शिविर स्थलों पर 80 डस्टबिन स्थापित किए गए हैं। स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 89 हैंडपंपों की मरम्मत कर उन्हें सुचारु रूप से चालू कराया गया है। इसके अतिरिक्त जहां पहले पर्याप्त रोशनी नहीं थी, वहां ग्राम पंचायतों द्वारा लगभग 45 किलोमीटर कांवड़ मार्ग पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था कराई गई है, जिससे रात के समय भी श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित बना रहे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा और सतत निगरानी जारी रखी जाए। किसी भी शिकायत या समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि सहारनपुर से होकर गुजरने वाले लाखों शिवभक्तों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य