शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर पूरे कांवड़ मार्ग को तीन सुपर जोन में विभाजित कर प्रशासनिक निगरानी को और मजबूत किया गया है। यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मजिस्ट्रेटों की तैनाती से लेकर कंट्रोल रूम, खाद्य सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और शौचालयों तक की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्रशासन के अनुसार जनपद के संपूर्ण कांवड़ मार्ग को तीन मुख्य मार्गों में विभाजित करते हुए 3 सुपर जोन बनाए गए हैं। प्रत्येक सुपर जोन की निगरानी के लिए सुपर जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 11 जोन बनाकर उनमें 11 जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। पूरे कांवड़ मार्ग को 23 सेक्टरों में भी विभाजित किया गया है, जहां 8-8 घंटे की तीन शिफ्टों में कुल 69 सेक्टर मजिस्ट्रेट 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे। इन अधिकारियों का दायित्व सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, जनसुविधाओं की निगरानी तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना होगा।

जिलाधिकारी के निर्देश पर कांवड़ यात्रा के संचालन और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए चार कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं। इन कंट्रोल रूम में तीन शिफ्टों में कुल 54 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो चौबीसों घंटे यात्रा की निगरानी करेंगे और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखेंगे।
जनपद के 12 प्रमुख शिव मंदिरों पर जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए वहां शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 14 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों द्वारा कांवड़ मार्ग पर पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था की गई है। इन शौचालयों की नियमित साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
रात्रिकालीन यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए पूरे कांवड़ मार्ग पर स्ट्रीट लाइट और जनरेटर की व्यवस्था की गई है, ताकि बिजली बाधित होने की स्थिति में भी प्रकाश व्यवस्था प्रभावित न हो। खाद्य सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कांवड़ मार्ग पर स्थित लगभग 148 ढाबों, रेस्टोरेंटों और होटलों को चिन्हित कर वहां फूड सेफ्टी कनेक्ट एप और निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा कराई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या मिलने पर तत्काल समाधान किया जाए, जिससे सहारनपुर से होकर गुजरने वाले लाखों शिवभक्तों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके तथा कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो।








