Saharanpur News: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर टोल मैनेजर पर कर्मचारी से मारपीट का आरोप, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के जैनपुर टोल प्लाजा पर टोल मैनेजर पर कर्मचारी से मारपीट और कांच की बोतल से हमला करने का आरोप। घायल कर्मचारी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस जांच में जुटी।

नागल (सहारनपुर)। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे स्थित जैनपुर टोल प्लाजा पर  देर रात टोल मैनेजर और टोलकर्मी के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।  मैनेजर पर नशे की हालत में टोल कर्मी को गाली-गलौज करने और कांच की बोतल से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव जंघेड़ा निवासी कार्तिक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के जैनपुर टोल प्लाजा पर टोलकर्मी के रूप में कार्यरत हैं। कार्तिक का आरोप है कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने केबिन में भोजन कर रहे थे। इसी दौरान टोल मैनेजर राम अवतार कथित रूप से नशे की हालत में वहां पहुंचे और बिना किसी कारण उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि विवाद के दौरान टोल मैनेजर ने कांच की बोतल से उनकी बाजू पर हमला कर दिया। बोतल लगने से बाजू की नस कट गई और तेज रक्तस्राव शुरू हो गया। घटना के बाद टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सहकर्मियों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना पर थाना नागल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल टोलकर्मी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई।

थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। घायल कर्मचारी की ओर से तहरीर प्राप्त होने के बाद पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद टोल प्लाजा पर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस ने स्थिति को सामान्य कराया और कर्मचारियों से शांति बनाए रखने की अपील की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य