Saharanpur News: पंचक समाप्त होते ही बढ़ी कांवड़ियों की संख्या, सहारनपुर के कांवड़ मार्ग और शिविरों में बढ़ी रौनक

पंचक समाप्त होते ही सहारनपुर में कांवड़ यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली। 5 अगस्त से कांवड़ियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई। जिले में 85 से अधिक सेवा शिविर श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हैं। पूर्व डीएम दिनेश चंद्रा और स्वामी कालेंद्रानंद ने भी सेवा शिविरों में पहुंचकर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। श्रावण मास के छठे दिन बुधवार को पंचक समाप्त होने के साथ ही कांवड़ यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली। 1 अगस्त से 4 अगस्त तक पंचक होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु नई कांवड़ उठाने से परहेज कर रहे थे, लेकिन 5 अगस्त से कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के कदमों से सहारनपुर के प्रमुख कांवड़ मार्ग एक बार फिर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठे हैं। प्रशासन को भी आने वाले दिनों में कांवड़ियों की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी की उम्मीद है।

सहारनपुर से होकर हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लाखों कांवड़िये गुजर रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर आकर्षक झांकियां, भक्ति गीत और शिवभक्तों का उत्साह श्रद्धा का अद्भुत वातावरण बना रहा है। सड़क किनारे जगह-जगह स्थानीय लोग भी पुष्प वर्षा कर और जलपान कराकर श्रद्धालुओं का स्वागत कर रहे हैं।

कांवड़ यात्रा को लेकर जिले में सेवा शिविर भी पूरी तरह सक्रिय हो चुके हैं। जनपद में करीब 85 कांवड़ सेवा शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जबकि महानगर क्षेत्र में लगभग 44 शिविर श्रद्धालुओं की सेवा में दिन-रात जुटे हैं। इन शिविरों में भोजन, विश्राम, प्राथमिक उपचार, पेयजल, चिकित्सा, मोबाइल चार्जिंग और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसी क्रम में शिव कांवड़ सेवा संघ द्वारा आयोजित 31वें कांवड़ सेवा शिविर में सहारनपुर के पूर्व जिलाधिकारी दिनेश चंद्रा पहुंचे। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर कांवड़ियों की सेवा में भागीदारी निभाई और आयोजन समिति के सेवा कार्यों की सराहना की। इस दौरान संजय फुटेला, संजय कपूर, अश्विनी अरोड़ा, यशपाल त्रेही, एमएल शुक्ला, सुशील कक्कड़, सुधीर बुद्धिराजा, पंकज बजाज, डॉ. संदीप तोमर, सार्थक वालिया, गौरव जैन, विपिन सैनी और राहुल साहू सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने शिवभक्तों की सेवा को सबसे बड़ा पुण्य कार्य बताते हुए भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना की।

वहीं देहरादून रोड स्थित सिंचाई विभाग कार्यालय के सामने मां शाकंभरी सेवा मंडल ट्रस्ट के तत्वावधान में भी कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ एवं पूजन संपन्न हुआ। शिविर का उद्घाटन स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने किया।

स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि श्रावण मास सनातन परंपरा में अत्यंत पवित्र माना जाता है और इस दौरान कांवड़ियों की सेवा करना स्वयं भगवान शिव की सेवा के समान है। उन्होंने कहा कि जो लोग निस्वार्थ भाव से शिवभक्तों की सेवा करते हैं, उन पर भगवान भोलेनाथ की विशेष कृपा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि कांवड़िये नंगे पैर लंबी दूरी तय कर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हैं और उनकी सेवा करना प्रत्येक सनातनी के लिए सौभाग्य की बात है।

शिविर में अगम शर्मा, प्रदीप पांचाल, राहुल त्यागी, संजीव शर्मा, विनायक राणा, राजकुमार शास्त्री, जितेंद्र कटारिया, सरिता, शालिनी, ममता, सर्जित, इंदिरा, अमृता, पूनम सहित बड़ी संख्या में सेवादार उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

आने वाले दो-तीन दिनों में सहारनपुर से गुजरने वाले कांवड़ियों की संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन, सामाजिक संस्थाएं और सेवा समितियां पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य