शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में बुधवार को मंडलायुक्त सहारनपुर मंडल डॉ. रूपेश कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों, चेक पोस्टों और सेवा शिविरों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और डीआईजी ने गागलहेड़ी रोड, काली नदी चेक पोस्ट तथा बड़कलां चेक पोस्ट सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों का भ्रमण किया। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था, यातायात डायवर्जन, भीड़ नियंत्रण, बैरियर प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

इसके बाद मंडलायुक्त और डीआईजी ने कांवड़ मार्ग पर स्थापित सेवा शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, शौचालय, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा समाप्त होने तक सभी सुविधाएं लगातार सुचारु रूप से संचालित रहें और कहीं भी लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने शिविरों में ठहरे शिवभक्त कांवड़ियों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। श्रद्धालुओं ने प्रशासन और पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और बेहतर सुरक्षा प्रबंधों की सराहना की।
मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं डीआईजी अभिषेक सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जाए, यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।

सहारनपुर प्रशासन और पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया गया है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी, बैरियर, कंट्रोल रूम और त्वरित प्रतिक्रिया टीमों की तैनाती की गई है, ताकि लाखों शिवभक्त सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में अपनी आस्था की यात्रा पूरी कर सकें।








