सहारनपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सहारनपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली को स्मार्ट सिटी के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अपर नगरायुक्त प्रदीप कुमार यादव ने नगर निगम परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्मार्ट सिटी एवं नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

तिरंगा रैली नगर निगम परिसर से प्रारंभ होकर अंबाला रोड, घंटाघर होते हुए वापस नगर निगम परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
रैली के समापन पर स्मार्ट सिटी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
रैली को संबोधित करते हुए अपर नगरायुक्त प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। यह केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता संग्राम, वीरों के बलिदान और राष्ट्र की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्राओं जैसे आयोजनों से समाज के प्रत्येक वर्ग में राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

सहायक नगरायुक्त जेपी यादव ने कहा कि तिरंगा देश की विविधता में एकता, राष्ट्रप्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और गरिमा के साथ मनाने तथा राष्ट्रीय ध्वज का सदैव सम्मान करने की अपील की।
रैली में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा, मुख्य अभियंता सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, स्मार्ट सिटी के कंपनी सचिव शंकर तायल, डीजीएम दिनेश कुमार सिंघल, डीजीएम फाइनेंस मोहित मिश्रा सहित स्मार्ट सिटी एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।








