शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम माहेश्वरी खुर्द में सोमवार सुबह एक ट्रक में लदे बटर पेपर में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अग्निशमन विभाग के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे वाहन में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर फायर स्टेशन बेहट रोड से वाटर बाउजर के साथ फायर यूनिट तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। इसके अलावा थाना मिर्जापुर से भी वाटर टेंडर घटनास्थल पर भेजा गया।
मौके पर पहुंची फायर टीम ने देखा कि ट्रक संख्या HR 47 H 5774 में लदे बटर पेपर में आग लगी हुई थी। फायर कर्मियों ने तत्काल होज पाइप फैलाकर पंपिंग शुरू की और फायर हुक की सहायता से जल रहे बटर पेपर को हटाते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया।
फायर कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से ट्रक को सुरक्षित बचा लिया गया। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद मौके की स्थिति सामान्य रही। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने बताया कि समय पर सूचना मिलने और तत्काल कार्रवाई किए जाने से आग को फैलने से रोक लिया गया।








