शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने सोमवार को शहर के ऐतिहासिक कंपनी बाग का निरीक्षण कर सफाई, सुरक्षा एवं आगंतुकों की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रुद्राक्ष के पौधे का रोपण भी किया।
जिलाधिकारी ने कंपनी बाग की सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाग के सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश देते हुए कहा कि भ्रमण के दौरान किसी भी वाहन को कंपनी बाग के अंदर प्रवेश की अनुमति न दी जाए।
उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को कंपनी बाग परिसर में घूम रहे आवारा कुत्तों को तत्काल पकड़ने के निर्देश दिए। साथ ही भ्रमणकर्ताओं से पॉलिथीन बैग में सामान लेकर बाग में न आने की अपील की, ताकि परिसर की स्वच्छता और पर्यावरण व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक विजय चंद, उपनिदेशक उद्यान पूजा, जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








