शहरी चौपाल ब्यूरो
छुटमलपुर (सहारनपुर) थाना फतेहपुर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए तीन शातिर आरोपियों को 69 पाउच अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
प्रभारी निरीक्षक फतेहपुर प्रमोद कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर यह कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है
पुलिस ने पहले आरोपी सतीश उर्फ काला पुत्र रगवीरा निवासी फरकपुर नवादा को सबरीपुर जाने वाले रास्ते से दबोचा, जिसके कब्जे से 22 पाउच ग्रैंड मास्टर (मसाला) देसी शराब बरामद हुई।
दूसरी कार्रवाई में जुनैद पुत्र मुर्सरफ निवासी गंदेवड़ा को कमेशपुर रोड से गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 24 पाउच यूपी नं. 1 गोल्ड देसी शराब बरामद की गई।
तीसरी कार्रवाई में मांगेराम पुत्र शिवलाल निवासी फरकपुर नवादा को मलायन गेट के निकट से 23 पाउच ग्रैंड मास्टर मार्का देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई पूर्ण कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।








