शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। महानगर में विभिन्न रामलीला समितियों की ओर से आयोजित रामलीला एवं दशहरा महोत्सवों में केवट लीला, दशरथ मरण, भरत मिलाप और सीता हरण के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से भगवान श्रीराम की मर्यादा, केवट की भक्ति, भरत के त्याग और रावण के छल को जीवंत कर दिया। मार्मिक दृश्यों के दौरान दर्शक भावुक हो उठे।
श्री आशुतोष रामलीला समिति के 15वें रामलीला एवं दशहरा महोत्सव में केवट लीला, दशरथ मरण और भरत मिलाप का मंचन हुआ। दशरथ के रूप में जय कालरा और भरत के रूप में प्रिंस कपिल के अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर किया। गौरव चानना ने राम, विनय दुग्गल ने लक्ष्मण, अनुष्का शर्मा ने कैकेयी और मीत तिवारी ने केवट की भूमिका निभाई। बच्चों के लिए रामलीला से संबंधित प्रश्नमंच भी आयोजित किया गया।
लेबर कॉलोनी में मानवीय कल्याण समिति की रामलीला में केवट की निष्काम भक्ति और राम-भरत मिलाप के प्रसंगों ने दर्शकों को भावुक किया। इस दौरान समिति अध्यक्ष प्रदीप कपिल, महामंत्री विश्वनाथ तिवारी और कोषाध्यक्ष संजय राय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंच संचालन विजय गुप्ता और एडवोकेट सतीश चौधरी ने किया।
गांधी पार्क में श्री राधा कृष्ण मंदिर क्लब के तत्वावधान में दशरथ मरण, केवट लीला और भरत मिलाप का मंचन हुआ। अतुल सचदेव ने राम, हर्ष ठाकुर ने लक्ष्मण, संकल्प नैब ने दशरथ और विशाल ने भरत का अभिनय किया। हरविंदर गोसाई और आनंद कुमार के निर्देशन में प्रस्तुत लीला ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
वहीं, नुमाइश कैंप के गोपाल नगर में सुपर क्लब के 33वें रामलीला एवं दशहरा महोत्सव में सीता हरण की लीला का मंचन किया गया। विपिन ने शूर्पणखा, कुशाग्र नैब ने राम, तनु शर्मा ने सीता, अक्षय सूरी ने लक्ष्मण और नितिन खुराना ने रावण की भूमिका निभाई। संजय सौदाई के निर्देशन में प्रस्तुत लीला में स्वर्ण मृग, लक्ष्मण रेखा और जटायु प्रसंग आकर्षण का केंद्र रहे।
श्री कृष्णा राम नाटक क्लब के तत्वावधान में राम वनवास और केवट लीला का मंचन हुआ। उद्धव कोडंड ने राम, कुबेर नरूला ने लक्ष्मण, सोफिया मीना ने सीता, सुरेश निझावन ने दशरथ, मंजू प्रसाद ने कैकेयी और सनी अरोड़ा ने केवट की भूमिका निभाई। विभिन्न रामलीला आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।








