शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। एसएमएमएच राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने विद्यार्थियों को सेवा, समर्पण, अनुशासन और मानवीय मूल्यों के साथ नर्सिंग पेशे की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर राठी और राजकीय नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कमलेश दीक्षित के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सुधीर राठी और पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ की नर्सिंग कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुखपाल कौर उपस्थित रहीं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप कुमार और उपप्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र कुमार वोहरा भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने अपने संबोधन में कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा किए गए कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीज पहले से ही बीमारी और परेशानी से जूझ रहे होते हैं। ऐसे में नर्सिंग स्टाफ का दायित्व है कि उनके साथ सहानुभूतिपूर्ण, संवेदनशील और सौम्य व्यवहार किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कार्यक्षेत्र में सेवा भावना और मानवीय मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर राठी ने विद्यार्थियों को प्रेम, परिश्रम और परोपकार के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ की नर्सिंग कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुखपाल कौर ने नर्सिंग शपथ की महत्ता समझाते हुए विद्यार्थियों को उसका पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मरीजों के अधिकारों और नर्सिंग पेशे से जुड़े दायित्वों एवं अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया।
राजकीय नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कमलेश दीक्षित ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को नए शैक्षणिक सफर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नर्सिंग पेशा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मानव सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। विद्यार्थियों को इस पेशे की गरिमा और प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए।
समारोह में राजकीय नर्सिंग कॉलेज के उपप्राचार्य डॉ. सुरेंद्र शर्मा, मेडिकल कॉलेज की मैट्रन संजीता दास, इंदू, प्रज्ञा चतुर्वेदी, निधि बिश्नोई, अनिंदिता त्रिपाठी, डॉ. संजय सिंगोदिया, एलिसा महतो, दीपक, सत्यवीर सिंह, सर्वेंद्र प्रताप, सज्जन कुमार सहित कॉलेज के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







