Saharanpur News: 19 स्पेशल ट्रेनें चलने के बाद भी यात्रियों को राहत नहीं, नो-रूम और लंबी वेटिंग से बढ़ी परेशानी

त्योहारी सीजन में सहारनपुर से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ है। रेलवे की 19 स्पेशल ट्रेनें भी नाकाफी साबित हो रही हैं। कई ट्रेनों में नो-रूम और लंबी वेटिंग से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। दीपावली और छठ पर्व के बाद भी ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। नियमित ट्रेनों में पहले से ही भारी दबाव है। यात्रियों की अतिरिक्त संख्या को देखते हुए रेलवे ने 19 विशेष ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया है, लेकिन इसके बावजूद कई प्रमुख मार्गों पर आरक्षित सीटों की उपलब्धता बड़ी समस्या बनी हुई है। कुछ ट्रेनों में नो-रूम की स्थिति है तो कई में लंबी प्रतीक्षा सूची के चलते यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है।

सहारनपुर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन विभिन्न मार्गों पर करीब 154 ट्रेनों का संचालन होता है। इनमें लगभग 70 से 75 प्रतिशत ट्रेनें लंबी दूरी की हैं, जो पूर्वांचल, बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर जाती हैं। त्योहारों के दौरान इन क्षेत्रों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। नौकरी, कारोबार और अन्य कार्यों के सिलसिले में दूसरे राज्यों में रहने वाले लोग त्योहारों पर अपने घर लौटते हैं। अब वापसी के सफर में भी ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव बना हुआ है।

रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पिछले महीने से ही 19 स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया था। इन ट्रेनों के माध्यम से चंडीगढ़, अम्बाला, फिरोजपुर, अमृतसर और जम्मू जैसे शहरों से पूर्वांचल, बिहार तथा अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। इसके बावजूद नियमित और विशेष ट्रेनों में यात्रियों की संख्या उपलब्ध सीटों के मुकाबले अधिक बनी हुई है। ऐसे में तत्काल यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार चंडीगढ़-बरौनी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (04536/04535) 27 नवंबर तक, चंडीगढ़-वाराणसी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (04228/04227) 30 नवंबर तक तथा अम्बाला छावनी-मऊ-अम्बाला एक्सप्रेस (05302/05301) 27 नवंबर तक संचालित होगी। बठिंडा-वाराणसी-बठिंडा एक्सप्रेस (04222/04221) 23 नवंबर तक और चंडीगढ़-पटना-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (04512/04511) 26 नवंबर तक यात्रियों को सेवा देगी।

इसी क्रम में फिरोजपुर-पटना-फिरोजपुर एक्सप्रेस (04616/04615) 25 नवंबर, अमृतसर-कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस (05736/05735) 27 नवंबर और हरिद्वार-बाड़मेर-हरिद्वार एक्सप्रेस (04812/04811) 30 नवंबर तक चलेगी। छपरा-पठानकोट-छपरा एक्सप्रेस (05194/05193) तथा अमृतसर-कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस (04624/04623) का संचालन 25 नवंबर तक निर्धारित है।

अमृतसर-बरौनी-अमृतसर एक्सप्रेस (04668/04667) और वैष्णो देवी कटड़ा-वाराणसी-वैष्णो देवी एक्सप्रेस (04604/04603) 29 नवंबर तक संचालित होंगी। जम्मूतवी-वाराणसी-जम्मूतवी एक्सप्रेस (04610/04609) 26 नवंबर, जालंधर-बढ़नी-जालंधर एक्सप्रेस (05006/05005) 26 नवंबर तथा फिरोजपुर-पूर्णिया-फिरोजपुर एक्सप्रेस (04634/04633) भी 26 नवंबर तक चलेगी।

इसके अलावा अमृतसर-जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस (04652/04651) 29 नवंबर, अमृतसर-छपरा-अमृतसर एक्सप्रेस (04638/04637) और छेहरटा-मुजफ्फरपुर-छेहरटा एक्सप्रेस (04640/04639) 30 नवंबर तक चलेंगी। उधमपुर-आगरा कैंट-उधमपुर एक्सप्रेस (01904/01903) का संचालन भी 30 नवंबर तक निर्धारित किया गया है।

अंबाला रेल मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर उत्तर रेलवे और अंबाला रेल मंडल की ओर से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिल रहे हैं। नियमित ट्रेनों में भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य