शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना तीतरों क्षेत्र के ग्राम माधोपुर में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए वांछित आरोपी रोहित उर्फ बुद्धू को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी देहात मयंक पाठक ने हत्याकांड के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी ग्राम माधोपुर का निवासी है।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि 29 अक्टूबर 2026 को ग्राम माधोपुर में एक महिला अपने घर में मृत अवस्था में मिली थी। सूचना पर तीतरों पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। फील्ड यूनिट को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य संकलित कराए गए। इसके बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था।
मामले में रामफल पुत्र बृजपाल निवासी ग्राम माधोपुर की लिखित तहरीर के आधार पर थाना तीतरों में मुकदमा अपराध संख्या 146/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को जल्द खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सचिन पूनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विवेचना और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई आगे बढ़ाई। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी रोहित उर्फ बुद्धू पुत्र मांगेराम की तलाश की जा रही थी। 6 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नानौता-तीतरों मार्ग से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सचिन पूनिया, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल सचिन लाकड़ा, कांस्टेबल अंकित मान और अभिषेक खोखर शामिल रहे।







