Saharanpur News: अयोध्या दीपोत्सव में जगमगाएंगे सहारनपुर की गौशाला में बने 5100 गोबर के दीये

सहारनपुर नगर निगम ने अयोध्या दीपोत्सव के लिए गौशाला में निर्मित गोबर के 5100 इको फ्रेंडली दीये भेजे हैं। महापौर डॉ. अजय कुमार ने दीयों की खेप गौशाला प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा को सौंपी।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव में इस बार सहारनपुर नगर निगम की गौशाला में तैयार गोबर के इको फ्रेंडली दीये भी अपनी रोशनी बिखेरेंगे। नगर निगम की ओर से सरयू तट और राम की पैड़ी के दीपोत्सव के लिए 5100 विशेष दीये अयोध्या भेजे गए हैं। महापौर डॉ. अजय कुमार ने दीयों की खेप औपचारिक रूप से गौशाला प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा को सौंपी।

महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ दीपावली और गोवंश संवर्द्धन को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि गोबर से तैयार ये दीये पर्यावरण के अनुकूल हैं और दीपावली के पारंपरिक स्वरूप को भी बढ़ावा देते हैं।

गौशाला प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि नगर निगम द्वारा संचालित मां शाकंभरी कान्हा उपवन गौशाला में गाय के शुद्ध गोबर से विशेष दीयों का निर्माण किया गया है। इनकी खासियत है कि ये पूरी तरह बायोडिग्रेडेबल हैं। उपयोग के बाद ये खाद में परिवर्तित हो जाते हैं और पानी में भी आसानी से तैर सकते हैं। इसी विशेषता के चलते इनका उपयोग सरयू नदी के तट पर आयोजित दीपोत्सव में भी किया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि अयोध्या में दीपावली के अवसर पर सरयू तट, राम की पैड़ी और आसपास के घाटों पर हजारों दीप जलाए जाते हैं। इसी आयोजन को और अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से सहारनपुर नगर निगम ने गोबर से निर्मित 5100 दीये भेजे हैं। इनसे दीपोत्सव में पारंपरिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

डॉ. संदीप मिश्रा के अनुसार, दीप पर्व के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित देश-प्रदेश की कई प्रमुख हस्तियों को भी ये विशेष गोमय दीये भेजे गए हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य