सहारनपुर। जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जनकपुरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोटरसाइकिल चोरी की घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 6 फरवरी 2026 को वादी नवीन पुत्र रुपचंद निवासी शांति नगर, जेल चुंगी ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में थाना जनकपुरी में तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने मु0अ0सं0 37/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक नेमचंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
दिनांक 10 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने देहरादून रोड के पास से आरोपी निखिल उर्फ अर्जुन पुत्र राजकुमार शर्मा निवासी गोपाल नगर, थाना कोतवाली नगर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर प्लस (रजिस्ट्रेशन नंबर UP11AN6615) बरामद हुई।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और वाहन चोरी जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।








