फैय्याज अली आब्दी
नानौता। थाना नानौता पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नकबजनी की घटना का मात्र 12 घंटे के भीतर खुलासा कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और नकदी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल 2026 को कस्बा नानौता के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी मोहम्मद असगर पुत्र मोहम्मद अख्तर ने थाना नानौता में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर करीब 1.25 लाख रुपये के जेवरात और 73 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मुकदमा अपराध संख्या 85/26 के तहत धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस में केस पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सैनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 19 अप्रैल को ईदगाह के पास जाफर हुसैन के आम के बाग से तीनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान यूनुस पुत्र समीम, सलमान पुत्र सलीम और शुभम पुत्र जयपाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 जोड़ी पाजेब, 8 अंगूठियां, 2 छल्ले और 1 चैन (सभी सफेद धातु) के अलावा 15,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार तीनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और अन्य संभावित वारदातों में भी उनकी संलिप्तता की पड़ताल की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सैनी, उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार तोमर, जयवीर सिंह, निपेंद्र सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
इस त्वरित कार्रवाई से जहां एक ओर पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है, वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी राहत की सांस ली है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।








