विमल शर्मा
सहारनपुर। थाना फतेहपुर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मोबाइल लूट की घटना का सफल खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को वादी ने थाना फतेहपुर में तहरीर देकर बताया था कि काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसका मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। विवेचना के दौरान मामले में संबंधित धाराओं में वृद्धि भी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना फतेहपुर पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने 20 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पहले आरोपी सिवान पुत्र असलम निवासी इंद्रा कॉलोनी, बेहट को ग्राम खुजनावर के पास से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे आरोपी चांद पुत्र तासीन निवासी मोहल्ला मनिहारान, बेहट को भूलटी कट से गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। साथ ही तीसरे आरोपी की तलाश भी जारी है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस सफल कार्रवाई में थाना फतेहपुर के थानाध्यक्ष विनय शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बबलू कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।







