शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई देखने को मिली। अपर नगर आयुक्त प्रदीप यादव की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक का तत्काल निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष चार शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में वार्ड 63 राजपूत कॉलोनी निवासी नसीब खान ने कॉलोनी में साफ-सफाई की समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। इस पर अपर नगर आयुक्त ने तुरंत संज्ञान लेते हुए क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक और सफाई कर्मियों को मौके पर भेजा, जिससे तत्काल सफाई कराकर समस्या का समाधान कराया गया। इसके साथ ही नसीब खान द्वारा एलईडी लाइट ठीक कराने की मांग भी रखी गई, जिस पर पथ प्रकाश प्रभारी को स्थल निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अन्य शिकायतों में वार्ड 07 मिगलानी बिल्डिंग चौक निवासी उसमान मलिक ने हाईमास्ट लाइट खराब होने की समस्या उठाई। वार्ड 19 गोपाल नगर निवासी समर वितराना ने सड़क पर अवैध रूप से चल रहे धुलाई सेंटर द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की। वहीं वार्ड 14 शिवपुरी कॉलोनी निवासी सोनू जाटव ने क्षेत्र में पाइपलाइन की मरम्मत कराने की समस्या रखी।
अपर नगर आयुक्त प्रदीप यादव ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण करना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य अभियंता निर्माण सुरेश कुमार, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी, जिससे शहरवासियों को राहत मिल सके।







