सहारनपुर में ट्यूबवेल तार चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 5 शातिर गिरफ्तार

सहारनपुर पुलिस ने अंतरजनपदीय ट्यूबवेल तार चोरी गिरोह का पर्दाफाश कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद, एसपी देहात ने प्रेस वार्ता में किया खुलासा।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय ट्यूबवेल तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मयंक पाठक ने बताया कि थाना फतेहपुर पुलिस ने पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है।

एसपी देहात ने बताया कि बीते कुछ समय से थाना फतेहपुर क्षेत्र में ट्यूबवेलों, दुकानों और विद्युत उपकेंद्रों से तार और उपकरण चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं, जिससे ग्रामीणों और व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही थी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

पुलिस टीम ने लगातार निगरानी, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए छुटमलपुर क्षेत्र में ईदगाह के पीछे से पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से 25 मीटर सबमर्सिबल केबल, वेल्डिंग मशीन, टूल बॉक्स, गिलैंडर मशीन, ड्रिल मशीन, लगभग ढाई किलोग्राम तांबे का तार और दो अर्थिंग रॉड बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते थे और सुनसान स्थानों पर लगे ट्यूबवेल, खाली मकान और दुकानों को निशाना बनाते थे। चोरी किए गए सामान को कबाड़ी के यहां बेचकर प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे, जिससे उनकी नशे की लत और अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति होती थी।

एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से कुछ के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था। पुलिस द्वारा इनकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।

उन्होंने यह भी कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रेस वार्ता के दौरान एसपी देहात ने थाना फतेहपुर पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और मेहनत के कारण इस गिरोह का खुलासा संभव हो सका। इस प्रकार की कार्रवाइयों से न केवल अपराधियों में भय पैदा होता है, बल्कि आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे भी इस तरह के अभियानों को जारी रखा जाएगा, ताकि जिले में अपराध पर नियंत्रण रखते हुए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य