सहारनपुर में अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, गैंगस्टर एक्ट लगाने के आदेश

सहारनपुर में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने अवैध खनन और अवैध परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। गैंग बनाकर अपराध करने वालों पर गैंगस्टर एक्ट लगाने और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में आयोजित जिला टास्क फोर्स की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि गैंग बनाकर अवैध खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ भी कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध खनन और अवैध परिवहन के मामलों में दर्ज मुकदमों की चार्जशीट समयबद्ध तरीके से न्यायालय में दाखिल की जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में संगठित तरीके से अपराध किया जा रहा है, उनमें गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे।

डीएम अरविंद कुमार चौहान ने संबंधित उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उनके क्षेत्रों में किसी भी स्थिति में अवैध खनन या बिना रॉयल्टी के खनिज परिवहन नहीं होना चाहिए। यदि कहीं अवैध खनन की पुष्टि होती है तो संबंधित एसडीएम और क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) को भी सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन वाहनों पर अस्पष्ट नंबर प्लेट, बिना नंबर प्लेट, ग्रीस लगी नंबर प्लेट या नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पाई जाए, उनके खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए और आवश्यक होने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन स्थानों पर राजस्व और पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, वहां से बिना रॉयल्टी के वाहन किसी भी हाल में नहीं गुजरने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी कर्मचारी की संलिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि संबंधित एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी नियमित समीक्षा बैठक कर अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन और परिवहन की स्थिति की निगरानी करें। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि अवैध खनन न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाता है बल्कि पर्यावरण और सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में एसपी देहात मयंक पाठक, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, डीएफओ शुभम सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन एमपी सिंह, उपजिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार, उपजिलाधिकारी बेहट मानवेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी नकुड़ सुरेंद्र कुमार, जिला खनन अधिकारी सुभाष सिंह, संबंधित क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य