गय्युर मलिक
बेहट। कस्बे में यूथ फाउंडेशन वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में शाकंभरी रोड स्थित जनता पैथोलॉजी पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रक्तदान किया। शिविर के दौरान कुल 34 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. भोला सैनी एवं डॉ. निगम सैनी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि रक्त की कमी के कारण किसी जरूरतमंद मरीज की जान न जाए, इसी उद्देश्य को लेकर ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंदों को नया जीवन मिलता है, बल्कि रक्तदाता को भी मानसिक संतोष और आत्मिक खुशी प्राप्त होती है।
शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। संस्था की ओर से सभी रक्तदाताओं को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ने के साथ अब युवा वर्ग रक्तदान के प्रति आगे आ रहा है, जो एक सकारात्मक संदेश है।
यूथ फाउंडेशन वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराना और लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर साक्षी सैनी, डॉ. ऋतिक, डॉ. रोहन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों ने संस्था की सराहना की।








