सहारनपुर में राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस की श्रद्धांजलि सभा, नेताओं ने बताया सूचना क्रांति का जनक

सहारनपुर में जिला कांग्रेस और महानगर कांग्रेस कमेटी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। नेताओं ने उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर क्रांति और युवा सशक्तिकरण का अग्रदूत बताया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर, । पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी सहारनपुर द्वारा अलग-अलग श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस मुख्यालय और महानगर कांग्रेस कार्यालय में राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि राजीव गांधी केवल विकास पुरुष ही नहीं, बल्कि एक महान शांतिदूत भी थे। उन्होंने कहा कि देश में सूचना प्रौद्योगिकी और कंप्यूटरीकरण की शुरुआत कर राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक युग में प्रवेश कराया। आज भारतीय युवा विश्वभर में आईटी सेक्टर में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं, जिसका श्रेय राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच को जाता है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ने के उद्देश्य से 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देना राजीव गांधी का ऐतिहासिक निर्णय था। इससे युवाओं की देश निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित हुई।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मनीष त्यागी ने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक भारत की नींव रखने का कार्य किया। कंप्यूटर क्रांति, दूरसंचार व्यवस्था और पंचायती राज प्रणाली को मजबूत करने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का सपना आत्मनिर्भर, शिक्षित और आधुनिक भारत का था, जिसे कांग्रेस पार्टी आज भी आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।

पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने कहा कि देश में सूचना एवं तकनीकी क्रांति लाने का सबसे बड़ा श्रेय राजीव गांधी को जाता है। उन्होंने युवाओं को राजनीति और प्रशासन में अवसर देकर भारत को 21वीं सदी की ओर अग्रसर किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की नीतियां आज भी देश के विकास की मजबूत आधारशिला हैं।

अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव अरविंद पालीवाल ने राजीव गांधी को महात्मा गांधी की अहिंसा की विचारधारा पर चलने वाला महान शांतिदूत बताया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने असम, मिजोरम, नागालैंड, दार्जिलिंग और पंजाब जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में शांति समझौतों के माध्यम से आतंकवाद और हिंसा पर नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया।

जिला उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी नितिन शर्मा ने कहा कि पंजाब में आतंकवाद समाप्त करने में राजीव-लोंगोवाल समझौते की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा ने कहा कि श्रीलंका में शांति स्थापना के प्रयासों के जरिए राजीव गांधी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को नई तकनीक, आधुनिक सोच और युवाओं की ऊर्जा से जोड़ने का कार्य किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष मुजफ्फर अली, पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, जिला सेवादल अध्यक्ष इमरान कुरैशी, सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, आरिफ खान, अक्षय कुमार चौधरी, हरिओम मिश्रा, अमरदीप जैन, इकराम खान, नीरज कपिल, धर्मपाल जोशी, मयंक शर्मा, अनुज शर्मा, मनोज आर्य, बिट्टू चौधरी, ग़ालिब चौधरी, पंकज सैनी, बरकत अंसारी, रवि कुमार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य