गय्युर मलिक
बेहट, सहारनपुर । बेहट विधानसभा क्षेत्र के गांव साढ़ोली भूड़ में बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा और अन्य भाजपा नेताओं का कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनपद की सातों सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता चौधरी रामकिशन उर्फ रामू चौधरी की अगुवाई में गांव साढ़ोली भूड़ स्थित एक कॉलेज परिसर में किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है और भाजपा संगठन हमेशा कार्यकर्ताओं की मेहनत को प्राथमिकता देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। प्रदेश में सड़कों और हाईवे का जाल बिछाया गया है, जिससे लोगों की आवाजाही आसान हुई है। उन्होंने कहा कि अब सहारनपुर से दिल्ली और लखनऊ तक का सफर पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम हो गया है।
अजीत सिंह राणा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं और भाजपा की नीतियों एवं उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा जनपद की सातों विधानसभा सीटों पर विजय हासिल करेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाकर पार्टी को और मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम संयोजक चौधरी रामकिशन उर्फ रामू चौधरी ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं का उत्साह आने वाले चुनावों में पार्टी की बड़ी जीत का आधार बनेगा।
कार्यक्रम को नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी, पूर्व विधायक नरेश सैनी, भाजपा नेता अभय राणा, साहब सिंह पुंडीर, डीसीडीएफ चेयरमैन सोनेन्द्र राणा, प्रियमवदा राणा तथा संजीव कर्णवाल उर्फ बॉबी ने भी संबोधित किया। नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
इस दौरान सोहनपाल मुखिया, पूर्व प्रधान रणबीर सिंह, पूर्व प्रधान प्रदीप गुप्ता, विजेंद्र सैनी, मुकेश चौहान, अनिल सिंघल, मुकेश राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।








