शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सोमवार को जिला मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया।
जनपद में 8, 9 एवं 10 जून 2026 को आयोजित हो रही यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए कुल 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा को पूरी शुचिता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है, जबकि पर्याप्त पुलिस बल भी लगाया गया है।
डीएम एवं एसएसपी ने बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज, एसडी इंटर कॉलेज तथा केआर हाई स्कूल सहित कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, निगरानी प्रणाली और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।
जिला मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों की निगरानी केवल सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ही नहीं, बल्कि ड्रोन कैमरों से भी की जा रही है। इससे केंद्रों के आसपास की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सकती है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा सेक्टर एवं जोनल अधिकारियों को नियमित रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। प्रथम पाली में पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 79.02 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा नकल संबंधी शिकायत सामने नहीं आई।
जिला प्रशासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से भी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी निगरानी और प्रशासनिक सतर्कता के चलते यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।








