शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) खेल प्रकोष्ठ के तत्वावधान में 14 जून को सहारनपुर में एक भव्य खिलाड़ी सम्मान समारोह एवं खेल सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा तथा खेलों के विकास और खिलाड़ियों की समस्याओं पर व्यापक चर्चा होगी।
हकीकत नगर स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित रालोद खेल प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नीरपाल सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहारनपुर-दिल्ली रोड स्थित आर प्लाजा होटल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भाग लेंगे। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान करना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति उनके योगदान का सम्मान है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उचित मंच और पहचान मिलने से नई पीढ़ी को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के निर्देशानुसार खेल प्रकोष्ठ की पूरी टीम “खिलाड़ियों का सम्मान, देश का स्वाभिमान” की भावना के साथ इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटी हुई है। कार्यक्रम में सहारनपुर और मेरठ मंडल के नौ जिलों से पार्टी पदाधिकारी, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी शामिल होंगे।
चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि आज देश में खेलों का महत्व लगातार बढ़ रहा है और भारत विश्व स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। ऐसे समय में खिलाड़ियों को सम्मानित करना और उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न खेलों से जुड़ी कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियां और प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी भाग लेंगे, जिससे युवाओं को उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने भी खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन देने की है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव योगेश प्रताप सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष शारिक चौधरी, वरिष्ठ नेता मुकेश चौधरी, जिलाध्यक्ष रिंकू सोनकर, महानगर अध्यक्ष अरविंद मलिक, राजदीप सिंह, निकेत मलिक, ब्रह्मपाल पूनिया, आरिफ मलिक सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। नेताओं ने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम खिलाड़ियों के सम्मान और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।








