Saharanpur News: सर्किट हाउस रोड स्थित साहिबजी नगर कॉलोनी बदहाल, नालियां कचरे से अटीं; सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

सहारनपुर के सर्किट हाउस रोड स्थित साहिबजी नगर कॉलोनी में नालियां कचरे से अटी होने और सफाई व्यवस्था ठप होने से स्थानीय लोग परेशान हैं। कॉलोनी अध्यक्ष ने महापौर और नगर आयुक्त से तत्काल सफाई अभियान चलाने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। शहर की पॉश कॉलोनियों में गिनी जाने वाली सर्किट हाउस रोड स्थित साहिबजी नगर कॉलोनी इन दिनों बदहाल सफाई व्यवस्था के कारण अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही है। कॉलोनी की अधिकांश नालियां कचरे, गाद और बड़ी-बड़ी झाड़ियों से पूरी तरह पट चुकी हैं, जिसके कारण हाल ही में हुई बारिश के दौरान कॉलोनी की सड़कों पर करीब डेढ़-डेढ़ फुट तक पानी भर गया। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि वार्ड के पार्षद और संबंधित अधिकारी उनकी समस्याओं के समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि नगर निगम की ओर से कॉलोनी की सफाई की जिम्मेदारी सफाई कर्मचारी सुशील कुमार तथा संबंधित सफाई निरीक्षक राजेश कुमार को सौंपी गई है, लेकिन बार-बार फोन और शिकायत करने के बावजूद नियमित सफाई नहीं कराई जा रही। आरोप है कि कई बार कर्मचारी केवल औपचारिक निरीक्षण कर लौट जाते हैं, जबकि नालियों की सफाई नहीं होती।

स्थानीय निवासियों के अनुसार लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण उनमें बड़ी-बड़ी घास उग आई है। नालियां बंद होने से बारिश का पानी निकासी नहीं हो पाता और पूरी कॉलोनी जलभराव की चपेट में आ जाती है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने नगर निगम कार्यालय के कई चक्कर लगाए और संबंधित अधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि शिकायतें केवल कागजों तक सीमित रह जाती हैं, जबकि जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।

साहिबजी नगर कॉलोनी के अध्यक्ष राजीव चौधरी ने महापौर और नगर आयुक्त से मांग की है कि कॉलोनी में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए, झाड़ियों को हटाया जाए और सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि कॉलोनी को फिर से स्वच्छ और व्यवस्थित स्वरूप मिल सके।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आगामी बारिश में हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से स्थायी समाधान करते हुए नियमित निगरानी और सफाई व्यवस्था लागू करने की मांग की है, जिससे शहर की इस प्रमुख कॉलोनी को गंदगी और जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य