शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्रावण मास एवं पावन कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर श्री कैलाश धाम शिव कांवड़ सेवा शिविर की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ मंगलवार को बल्ली पूजन के साथ किया गया। शिवालिक गार्डन (निकट कान्हा ट्रांसफार्मर) में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच समिति के पदाधिकारियों और शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर सफल एवं मंगलमय सेवा कार्य की कामना की।

बल्ली पूजन के साथ ही सेवा शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य भी तेज कर दिया गया है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी हरिद्वार से जल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की सेवा के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। शिविर में भोजन, शुद्ध पेयजल, चाय, विश्राम, प्राथमिक उपचार तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी, जिससे शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
समिति के प्रमुख सेवादार ललित पोपली ने बताया कि इस वर्ष शिविर को पहले की अपेक्षा अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान है और समिति का प्रत्येक सदस्य पूरी श्रद्धा, समर्पण और सेवा भाव से इस आयोजन को सफल बनाने में जुटा है।
उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त का सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाएगा तथा उनकी हर संभव सहायता की जाएगी। समाज के लोगों से भी उन्होंने इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि कांवड़ियों की सेवा का अवसर सौभाग्य का विषय होता है।
समिति के सदस्य राजू चांदना ने बताया कि नगर निगम प्रशासन का भी शिविर को पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने इसके लिए नगर निगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन और समाज के सहयोग से इस वर्ष का सेवा शिविर श्रद्धा, सेवा और व्यवस्थाओं का नया उदाहरण बनेगा।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरे परिसर में शिवभक्ति का वातावरण बना रहा। भगवान शिव के जयकारों के बीच बल्ली पूजन संपन्न हुआ और शिविर की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ किया गया। समिति के सदस्यों ने सेवा शिविर को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियों का भी वितरण किया।
इस अवसर पर नीरज मिड्ढा, रमन कपूर, संजय आरपी, केपी, राजीव कटियाल, संजय कालरा, राकेश कटियाल, सोनू छाबड़ा, बबलू अरोड़ा, विक्की गिरधर, विक्की जयशंकर, हैप्पी धमीजा, अमित भसीन, कमल अरोड़ा, अनुज, धर्मेंद्र कुमार, सोना सिड़ाना सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सेवा पूरे समर्पण और आत्मीयता के साथ की जाएगी।








