सहारनपुर: दबनी वाला कब्रिस्तान में सफाई, घास कटाई और धंसी कब्रों में मिट्टी भराई शुरू, 28 लाख से बनेगी सड़क

सहारनपुर के दबनी वाला कब्रिस्तान में पार्षद मंसूर बदर की पहल पर घास कटाई, धंसी कब्रों में मिट्टी भराई और सफाई कार्य शुरू हुआ। जल्द 28 लाख रुपये की लागत से सड़क और बाउंड्री वॉल का निर्माण भी कराया जाएगा।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। हाल ही में सोना सेद माजरा कब्रिस्तान में हुई घटना से सबक लेते हुए नगर निगम क्षेत्र के दबनी वाला कब्रिस्तान में व्यापक सुधार कार्य शुरू कर दिए गए हैं। वार्ड पार्षद एवं नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर के नेतृत्व में कब्रिस्तान की साफ-सफाई, घास कटाई और बारिश के कारण धंस चुकी कब्रों में मिट्टी भरने का कार्य प्रारंभ कराया गया है। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया है।

पार्षद मंसूर बदर ने बताया कि लगातार हुई बारिश के कारण कब्रिस्तान की कई कब्रें धंस गई थीं और घास-फूस अत्यधिक बढ़ जाने से वहां सांप-बिच्छुओं का खतरा भी बढ़ गया था। कब्र खोदने वाले लोगों ने भी सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताई थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के सहयोग से तत्काल सफाई अभियान शुरू कराया गया।

उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग को कब्रिस्तान परिसर में कीटनाशक दवा के छिड़काव के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि जहरीले जीव-जंतुओं से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही बरसात के मौसम में जलभराव और अन्य समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

पार्षद मंसूर बदर ने जानकारी दी कि दबनी वाला कब्रिस्तान के आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए करीब 28 लाख रुपये की लागत से टाइल्स सड़क निर्माण का टेंडर पहले ही जारी हो चुका है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके अलावा कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल का निर्माण भी जल्द प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था बेहतर हो सके।

उन्होंने बताया कि पार्षद संजय सैनी के सहयोग से कब्रिस्तान से जुड़े नाले की समस्या के समाधान के लिए भी संयुक्त प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी, जिससे रात्रि के समय आने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।

पार्षद मंसूर बदर ने इस कार्य में सहयोग के लिए महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर आयुक्त शिपू गिरि तथा उद्यान प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की सुविधाओं में लगातार सुधार कर रहा है।

इस अवसर पर पार्षद समीर अंसारी, सईद सिद्दीकी, इज़हार मंसूरी, महमूद हसन, गुलज़ेब खान, रईस पप्पू, आसिफ अंसारी, जफर अंसारी, मेनपाल, यंग तिरंगा क्लब के अध्यक्ष उस्मान मलिक, जावेद मलिक, अविनाश शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य