शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में 16 से 22 जुलाई 2026 तक भूजल सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालयों तथा विभिन्न सरकारी विभागों के सहयोग से सात दिवसीय व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन के निर्देशों के क्रम में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भूजल सप्ताह को मिशन मोड में सफल बनाया जाए। इस वर्ष अभियान की थीम “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” रखी गई है, जिसके माध्यम से आमजन को जल बचाने और भूजल स्तर सुधारने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बैठक में भूजल रिचार्ज के लिए चेकडैम निर्माण, रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग, तालाबों के जीर्णोद्धार, रिचार्ज पिट निर्माण और अन्य जल संरक्षण संरचनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिताएं, पोस्टर प्रतियोगिताएं, रैलियां, जल संदेश यात्राएं और दीवार लेखन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों और आमजन में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इसके अलावा ग्राम पंचायतों में श्रमदान, ग्राम प्रधानों के सहयोग से जल संरक्षण गतिविधियां, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई जैसी जल दक्ष तकनीकों का प्रदर्शन तथा जल संरक्षण स्थलों के आसपास वृक्षारोपण अभियान भी चलाए जाएंगे।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि जल एक अमूल्य प्राकृतिक संसाधन है, जिसका संरक्षण वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। अधिकारियों ने लोगों से वर्षा जल संचयन को अपनाने और जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के लिए सामूहिक शपथ ली। बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास विभाग, विकास प्राधिकरण, आवास विकास, जल निगम, लघु सिंचाई विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक, सभी खंड विकास अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








