शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर , दैनिक शहरी चौपाल । पेपर लीक आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाली छात्रा को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार को कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद चन्द्रजीत सिंह निक्कू के आवास पर कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत छात्रा को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता चन्द्रजीत सिंह निक्कू ने कहा कि यह केवल एक छात्रा की शहादत का मामला नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य से जुड़ा प्रश्न है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के सपनों को झकझोर दिया है। युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया मिलनी चाहिए और इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा।
निक्कू ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी युवाओं के मुद्दों को लगातार सड़क से लेकर संसद तक उठाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और पुलिस की मौजूदगी में उन्हें प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों की रक्षा लोकतंत्र की प्राथमिकता होनी चाहिए। उनका कहना था कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं का विश्वास कमजोर होता है, इसलिए सरकार को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग की।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सहारनपुर से भी बड़ी संख्या में युवा दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं और वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की मांगों को अनसुना नहीं किया जा सकता तथा सरकार को छात्रों की भावनाओं का सम्मान करते हुए आवश्यक निर्णय लेने चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री से छात्रों के प्रति संवेदनशील रुख अपनाने और पूरे मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं ने भी मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में सुखविंदर कौर, अनुज शर्मा, गुलशेर, आरिश, हरिओम, सलमान, मनजीत कोका, अश्वनी शर्मा, शुभम, आर्यन, निधि, नेहा, मेघा, संध्या, चारू, गीतिका, राजा, फरीद, गोलू, मुर्सलिन, माद्दा, रजत प्रभाकर, मोहम्मद यामीन, मोहम्मद अहसान, कासिफ सहित अनेक छात्र-छात्राएं एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








